इटावा। कूड़ा निस्तारण केंद्र तक कचरा पहुंचाने की व्यवस्था ठप हो गई है। इसके कारण शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। बीते छह दिनों से शहर से कूड़ा लेकर वाहन प्लांट तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।

उदी के कामेत स्थित कूड़ा निस्तारण प्लांट का स्थानीय लोग विरोध कर रहे हैं। प्लांट के आसपास गंदगी और मक्खियों का प्रकोप होने से ग्रामीण प्लांट में कूड़ा गाड़ियों को घुसने नहीं दे रहे हैं। शहर में रोजाना करीब 60 से 65 टन कचरा निकलता है। छह दिनों में लगभग 360 टन कचरा डलावघरों में जमा हो गया है। कई डलावघरों में कूड़े के ढेर सड़कों तक फैल गए हैं। नगर पालिका के सामने कचरे के निस्तारण की बड़ी चुनौती है।

शहर में 40 वार्ड हैं और सफाई के लिए 1103 से अधिक कर्मचारी तैनात हैं। निस्तारण केंद्र तक कूड़ा नहीं पहुंचने का खामियाजा शहरवासियों को भुगतना पड़ रहा है। कई मोहल्लों में आठ-आठ दिन तक कूड़ा नहीं उठाया गया है। डलावघरों में पड़ा कूड़ा पानी में सड़ने लगा है और दुर्गंध फैल रही है। मच्छर और मक्खियों का प्रकोप भी तेजी से बढ़ गया है।

कामेत प्लांट की क्षमता प्रतिदिन 75 टन है, लेकिन विरोध के इसका उपयोग नहीं हो पा रहा है। कूड़ा सड़कों तक फैलने से राहगीरों और दुकानदारों को भी दिक्कत हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जल्द समाधान नहीं निकला तो स्थिति और बिगड़ेगी। गंदगी से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।

केस-एक

शहर के मोहल्ला विजयनगर में ओवरब्रिज के बिल्कुल सामने बीते एक सप्ताह से कूड़े का ढेर लगा रहता है। इसके कारण यहां से गुजरने वाले वाहनों के साथ ही आसपास के मोहल्ले बगिया अड्ढा, पचावली सहित कई मोहल्ले के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

केस-दो

शहर के मोहल्ला फ्रेंड्स कॉलोनी रेलवे फील्ड के पास भी बीते कई दिनों से गंदगी का अंबार लगा रहता है। इससे रेलवे कॉलाेनी, चौहान कॉलोनी, अशोक नगर सहित कई माेहल्ले के लोग गंदगी और बदबू से जूझ रहे है। बारिश में स्थिति और भी भयावह हो जाती है।

केस-तीन

शहर में भरथना बस स्टैंड के पास गंदगी का बढ़ा ढेर लगा है। यहां से भरथना और बिधूना के लिए बसें पकड़ने वाले लोगों को इसका दंश झेलना पड़ रहा है। आसपास के 50 से अधिक दुकानदारों की ग्राहकी भी प्रभावित है। आंधी-बारिश के दौरान गंदगी दुकानों में घुस जाती है।

केस-चार

पंजाबी कॉलाेनी में बना नगर पालिका का पक्का डलाव घर आसपास के लोगों के साथ ही राहगीरों के लिए मुसीबत का सबब बना गया है। इस डलावघर में अक्सर छुट्टा जानवर गंदगी को फैलाते हुए नजर आते है। पालिका की ओर से नियमित कूड़े का उठान नहीं किया जा रहा है।

गंदगी के कारण व्यापार प्रभावित

फोटो 19::सुंदर सिंह राठौर।

दुकानदार सुंदर सिंह राठौर ने बताया कि बीते एक सप्ताह से ओवरब्रिज के पास गंदगी का अंबार लगा है लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। गंदगी के कारण दुकानदारी पर प्रभाव पड़ रहा है।

फोटो 20::सुनील।

दुकानदार सुनील का कहना है कि कर्मचारियों की मनमानी का दंश हम सब को झेलना पड़ रहा है। नगर पालिका के अधिकारियों को इस ओर ध्यान देने की जरूरत है। बारिश में बहुत परेशानी होती है।

वर्जन

उदी के कामेत में बने कूड़ा निस्तारण केंद्र में ग्रामीण गाड़ियों को नहीं घुसने दे रहे हैं। बीते छह दिनों से शहर का कूड़ा डलावघरों में ही जमा हो रहा है। उच्चाधिकारियों के माध्यम से ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। उम्मीद है कि जल्द समस्या का समाधान निकाल लिया जाएगा। – नत्थीलाल, मुख्य खाद्य एवं सफाई निरीक्षक



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें