सैफई। ग्राम पंचायत छिमारा के नगला पुल गांव में करीब सौ ग्रामीण वायरल की चपेट में हैं। 250 की आबादी वाले गांव में पिछले आठ दिन से लोग खांसी, जुकाम और बुखार से पीड़ित हैं। कई परिवारों में तीन से चार लोग बीमार हैं। बड़ी संख्या में ग्रामीण शहर के निजी अस्पतालों में भी इलाज करा रहे हैं।


ग्रामीणों का कहना है कि शुरुआत में लोगों ने सामान्य बुखार समझकर घर पर ही दवा ली, लेकिन आराम नहीं मिलने पर अस्पताल जाना पड़ा। उपचार के बाद कुछ मरीज दोबारा बीमार हो गए। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार मरीजों की संख्या बढ़ रही है। गांव में वायरल बुखार फैलने की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम बुधवार को नगला पुल पहुंची। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैफई के अधीक्षक डॉ. सुनील कुमार यादव के नेतृत्व में टीम ने स्वास्थ्य शिविर लगाकर मरीजों की जांच शुरू की। टीम ने घर-घर जाकर भी बीमार लोगों की जानकारी जुटाई। डॉ. सुनील कुमार यादव ने बताया कि गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है। गांव में बीमारी फैलने के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है। ग्रामीणों को साफ-सफाई रखने, पानी जमा न होने देने और बुखार होने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच कराने के लिए जागरूक किया जा रहा है। स्थिति सामान्य होने तक स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में निगरानी करती रहेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें