इटावा। पीईटी के अंतिम दिन पेपर छूटने पर बस स्टैंड सामान्य हालात दिखाई दिए। वहीं, इटावा जंक्शन पर कुछ ही देर में भीड़ बढ़ना शुरू हो गई। कुछ ही देर में प्लेटफॉर्म नंबर तीन परीक्षार्थियों से खचाखच भर गया। चार नॉन स्टॉप, पांच स्पेशल व दैनिक समेत 11 ट्रेनों को रोककर परीक्षार्थियों को बैठाया गया। हालत ये थे कि नॉन स्टॉप व स्पेशल ट्रेन रुकते ही फुल हो जाती थी।

परीक्षार्थियों की भीड़ के चलते एसी व स्लीपर बोगी ठसाठस भर गई। परीक्षार्थियों ने गैलरी, बाथरूम के बाहर व पायदान पर खड़े होकर मजबूरी में यात्रा करनी पड़ी। हालांकि आरपीएफ व जीआरपी टीम ने कई परीक्षार्थियों को लटकने देख उन्हें नीचे उतारा। बाद में उन्हें दूसरी ट्रेन से गंतव्य के लिए रवाना किया।

रविवार को प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) का पहली पारी का पेपर दोपहर 12 बजे छूटा। रोडवेज परिवहन निगम ने परीक्षार्थियों के आने के लिए पहले ही रोडवेज बसें बस स्टैंड खड़ी कर दी गई थी। यहां बहुत कम संख्या में परीक्षार्थियों के पहुंचने पर सामान्य हालात नजर आए। वहीं, इटावा जंक्शन पर परीक्षार्थियों की भीड़ टूट पड़ी। कुछ ही देर में प्लेटफॉर्म नंबर तीन परीक्षार्थियों से पूरा फुल हो गया।

परीक्षार्थियों की भीड़ देख आरपीएफ, जीआरपी टीम समेत रेलवे कर्मी मुस्तैद हो गए। कुछ ही देर में जम्मू तवी एक्सप्रेस आ गई। इस ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर रुकते ही परीक्षार्थी ट्रेन में चढ़ने को लेकर जद्दोजहद करने लगे। आरपीएफ व जीआरपी ने परीक्षार्थियों को स्लीपर व एसी कोच खुलवाकर बैठाया।

बाद में परीक्षार्थियों को महानंदा एक्सप्रेस, आनंद विहार-कानपुर स्पेशल ट्रेन, 04489, 04098, 04064 नॉन स्टॉप ट्रेनों को रोककर परीक्षार्थियों को बैठाया गया। इसके साथ ही अलीगढ़ से कानपुर सेंट्रल, फिरोजाबाद से कानपुर सेंट्रल, मथुरा-कानपुर सेंट्रल एक्सप्रेस, मैनपुरी-प्रयागराज एक्सप्रेस परीक्षा स्पेशल ट्रेनों से परीक्षार्थी गंतव्य के लिए रवाना किए गए।

उत्तर-मध्य रेलवे के पीआरओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षार्थियों के लिए नॉन स्टॉप, स्पेशल ट्रेनों को रोककर बैठाया गया था। परीक्षार्थी लटककर यात्रा न करें, इसलिए आरपीएफ व जीआरपी टीम को लगाया गया था। सभी परीक्षार्थियों सुरक्षित बैठाकर घर भेजा गया।

कई परीक्षार्थियों ने भागकर पकड़ी ट्रेन

शहर वाले परीक्षार्थी कुछ ही देर में रेलवे स्टेशन पर पहुंच गए थे। वहीं, दूर-दराज सेंटर वाले परीक्षार्थी करीब एक घंटे बाद रेलवे स्टेशन पर पहुंच पाए। ऐसे में उन्होंने प्लेटफॉर्म नंबर तीन ट्रेन के खड़े देख दौड़ लगा दी। कई परीक्षार्थियों ने भागकर ट्रेन पकड़ी। वहीं, महिलाएं परीक्षार्थी ट्रेन में चढ़ने से रह गईं। बाद में उन्हें दूसरी ट्रेनों से रवाना किया गया।



Source link