फोटो 28:: आरोपी सतेंद्र। संवाद
फोटो 29:: बरामद तमंचा, कारतूस और पायल। संवाद
= मुठभेड़ में पत्नी और सास की हत्या करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार
= पुलिस ने पायल बरामद कील, बोला- गुजारा भत्ता 20 से 25 हजार रुपये होने की थी आशंका, कर दी हत्या
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। भरथना के चंदेठी गांव में पत्नी और सास की हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी पति सत्येंद्र यादव उर्फ मनि को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से तमंचा, तीन कारतूस और मृतका की एक जोड़ी पायल बरामद की है। मामले में आरोपी के रिश्तेदार मुकेश यादव को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 17 अगस्त को चंदेठी गांव में दो महिलाओं के शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। घटना के खुलासे के लिए एसओजी, सर्विलांस और थाना पुलिस की संयुक्त टीमें गठित की गई थीं। पुलिस ने घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ के साथ ही आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। रिश्तेदार मुकेश यादव को उसी दिन मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया था।
20 अगस्त की रात पुलिस टीम को सूचना मिली कि दोहरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी सत्येंद्र तुरैया पुल के पास मंदिर के नजदीक खड़ा है। वह मामले में गवाहों को धमकाने के लिए वहां आया था। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर सत्येंद्र ने फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से तमंचा और तीन कारतूस मिले। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर मृतका की एक जोड़ी पायल भी बरामद की।
पूछताछ में सत्येंद्र ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी वर्ष 2021 में चंदेठी निवासी मंजू यादव उर्फ निर्मला से हुई थी। कुछ समय बाद दोनों के बीच विवाद हो गया और मंजू अपने मायके में रहने लगी। पत्नी मंजू उर्फ निर्मला और उसकी मां पुष्पा देवी ने सत्येंद्र के खिलाफ गुजारा भत्ता और घरेलू हिंसा का मुकदमा दर्ज कराया था। अदालत ने पत्नी को तीन लाख रुपये देने के साथ सात हजार रुपये प्रतिमाह भरण-पोषण देने का आदेश दिया था। अलीगढ़ में सफाई कर्मचारी के पद पर काम करता है और उसे करीब 37 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिलता है। उसे आशंका थी कि ससुराली दोबारा कोर्ट में जाकर पत्नी के भरण-पोषण की रकम बढ़ाने की मांग करेंगे। आरोपी को डर था कि रकम बढ़कर 20 से 25 हजार रुपये प्रतिमाह हो सकती है। इसी आशंका में उसने पत्नी और सास की हत्या की साजिश रचने का फैसला किया।
13 अगस्त को कोर्ट में अपने रिश्तेदार मुकेश यादव को भी साजिश में शामिल किया था। 15 अगस्त को मुकेश करीब साढ़े सात बजे चंदेठी पहुंचा। मुकेश ने दोनों महिलाओं को कोल्ड ड्रिंक पिलाकर बेहोश किया था। इसके करीब एक घंटे बाद सत्येंद्र वहां पहुंचा था। मुकेश ने दोनों महिलाओं के हाथ-पैर पकड़े, जबकि उसने दोनों के गले पर वार कर उनकी हत्या कर दी थी। वारदात के बाद दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए थे। हत्या के बाद सत्येंद्र ने पत्नी मंजू के पैरों से दोनों पायल उतार लिए थे।
मक्के की फसल बेचकर मुकेश को दिए थे रुपये
आरोपी सत्येंद्र ने पुलिस को बताया कि हत्या के बाद मुकेश को फरार होने के लिए ढाई लाख रुपये देने की बात तय हुई थी। उसने मक्का की फसल बेचकर ढाई लाख रुपये जुटाए थे। इस मामले में हत्या में नामजद आरोपी का रिश्तेदार विजय की भी पुलिस तलाश कर रही है।
