आटा। झांसी-कानपुर रेलखंड के आटा रेलवे क्रॉसिंग पर शुक्रवार शाम ट्रैक मरम्मत के चलते लगातार फाटक बंद होने से वाहनों की लंबी कतार लग गई। 4:40 से 5:20 बजे के बीच दो बार क्रॉसिंग बंद किए जाने से करीब 40 मिनट तक वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसी बीच शाम 5:15 बजे झांसी की ओर से मालगाड़ी आ गई। मालगाड़ी के निकलने तक करीब आठ मिनट क्रॉसिंग बंद रही। लगातार फाटक बंद रहने से वाहनों की कतार बढ़ते-बढ़ते हाईवे तक पहुंच गई। जाम में एक खाली एंबुलेंस भी फंस गई।

शुक्रवार शाम आटा रेलवे क्रॉसिंग संख्या 189 के आसपास रेलवे ट्रैक की मरम्मत का काम चल रहा था। काम के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर क्रॉसिंग को 4:40 बजे बंद किया गया। कुछ देर बाद फाटक खोला गया, लेकिन मरम्मत कार्य के चलते दोबारा क्रॉसिंग बंद कर दी गई। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लगने लगी। वाहन चालक फाटक खुलने का इंतजार करते रहे। इसी दौरान करीब 5:15 बजे झांसी की ओर से मालगाड़ी आने की सूचना पर क्रॉसिंग फिर बंद कर दी गई। करीब आठ मिनट तक मालगाड़ी के निकलने का इंतजार करना पड़ा। फाटक खुलने के बाद भी वाहनों का दबाव कम नहीं हुआ और देखते ही देखते कतार हाईवे तक पहुंच गई। जाम में एंबुलेंस भी फंस गई, हालांकि उसमें कोई मरीज नहीं था।

लगातार फाटक बंद होने से आटा कस्बे के साथ आसपास के गांवों से आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ी। वाहन चालकों का कहना था कि रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रेनों के आवागमन और मरम्मत कार्य के दौरान आए दिन फाटक बंद होने से जाम की स्थिति बनती है। लोगों ने रेलवे से आटा क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज बनवाने की मांग की है, ताकि रेल आवागमन के कारण सड़क यातायात बाधित न हो और लोगों को जाम से राहत मिल सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें