इटावा। बैंक यूनियनों के संयुक्त मोर्चा यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स के देशव्यापी आह्वान पर गुरुवार को बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने पांच-दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर जोरदार सायंकालीन धरना-प्रदर्शन किया। जिले की विभिन्न बैंक शाखाओं के अधिकारी और कर्मचारी यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की मुख्य शाखा पर एकत्र हुए और अपनी लंबित मांगों को लेकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने मांग पूरी न होने पर देशव्यापी हड़ताल की चेतावनी भी दी।


धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला समन्वयक एवं जिला मंत्री राजीव सिंह ने कहा कि पांच-दिवसीय बैंकिंग की मांग कई वर्षों से लंबित है। उन्होंने कहा कि इंडियन बैंक एसोसिएशन और अन्य बैंकिंग संस्थाओं ने इस मांग को सकारात्मक रूप से आगे बढ़ाया है, लेकिन सरकार की ओर से निर्णय न लिए जाने से बैंक कर्मचारियों में रोष है। जिला सह-समन्वयक शृशांक शर्मा ने कहा कि बैंक कर्मचारी निर्धारित कार्य समय से अधिक समय तक बैंक और ग्राहकों को सेवाएं देते हैं। ऐसे में मानसिक तनाव और पारिवारिक समस्याओं से बचाव के लिए प्रत्येक शनिवार को रविवार की तरह पूर्ण अवकाश दिया जाना आवश्यक है। पंजाब नेशनल बैंक के सहायक महामंत्री मुकेश पाल ने कहा कि शनिवार के अवकाश के एवज में बैंकिंग के कार्यदिवसों में कार्य के घंटे बढ़ाए जा रहे हैं। इसलिए ग्राहकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी। उन्होंने कहा कि बैंक कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर आगे भी संघर्ष जारी रखेंगे। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय मंत्री जयदीप सिंह ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द मांग का निस्तारण नहीं किया तो आने वाले दिनों में देशव्यापी हड़ताल का रास्ता अपनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इंडियन बैंक एसोसिएशन की ओर से मांग पर सहमति और हस्ताक्षर के बावजूद सरकार स्तर पर मामला लंबित है। प्रदर्शन के दौरान पूर्व जिला मंत्री कामरेड मंसाराम भी मौजूद रहे। केनरा बैंक के शाखा प्रबंधक अनिर्बन सिंह गुप्ता ने कहा कि शनिवार को बैंक अवकाश होने से ग्राहकों को बड़ी असुविधा नहीं होगी। वर्तमान समय में डिजिटल बैंकिंग के माध्यम से कई सेवाएं चौबीसों घंटे उपलब्ध हैं। रेनू यादव, आशीष चौधरी, विशाल, अनिर्बन सेनगुप्ता, दिनेश कुमार, पुष्पेंद्र कुमार, संजीव कुमार, राहुल, लखनलाल, सत्यवान आदि मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *