यूपी के रायबरेली में शनिवार को दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। जबकि, एक घायल है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से घरों में चीख पुकार मच गई। हादसा ऊंचाहार क्षेत्र के अरखा प्लाई फैक्टरी के पास हुआ।
बताया गया कि पूरे रक्षपाल मजरे अरखा गांव निवासी अभिषेक (18) पुत्र लक्ष्मन क्षेत्र के शिवमंगल मौर्य इंटर कालेज में पढ़ता था। इसी वर्ष इंटरमीडिएट पास की थी। इस समय वह घर पर ही खेती का काम करता था। बाइक से गांव के ही साथी साहिल (18) के साथ ऊंचाहार गया था। दोनों शाम को वापस घर लौट रहे थे।
अरखा प्लाई फैक्टरी के पास इनकी बाइक की सीधी टक्कर दूसरी बाइक सवार मीरगंज मजरे बहेरवा निवासी पंकज कुमार (35) पुत्र राजाराम से हो गई। तीनों सड़क पर गिर गए। बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने थे। इससे उनके सिर व चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को सीएचसी पहुंचाया। वहां से तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद अभिषेक व पंकज को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार, घटनास्थल के आसपास खड़े डंपरों व उससे सड़क पर गिरती राख की वजह से हादसे हो रहे हैं। वाहन गुजरने से राख उड़ी, जो अभिषेक की आंख में पड़ गई। इससे उन्हें सामने कुछ नहीं दिखा और दुर्घटना हो गई। घटना से ग्रामीणों में नाराजगी है। वहीं कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी संजय कुमार शर्मा ने बताया कि सड़क दुघर्टना में दो युवकों की मौत हो गई है।
