सैफई। फर्जी चरित्र प्रमाणपत्र तैयार कर कुम्हावर स्थित कंपोजिट अंग्रेजी शराब और बीयर की दुकान का लाइसेंस हासिल करने के आरोप में पुलिस ने दंपती समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि दूसरे व्यक्ति के नाम जारी चरित्र प्रमाणपत्र में नाम और पता बदलकर उसे आबकारी कार्यालय में लगाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
औरैया के अछल्दा थाना क्षेत्र के हरीगंज बाजार निवासी घनश्याम ने डीएम और लाइसेंस प्राधिकारी से शिकायत की थी। आरोप लगाया कि थानाक्षेत्र के मटियार गांव निवासी रामाधार और उसके बेटे विकास यादव ने कुसुमा देवी के नाम से फर्जी चरित्र प्रमाणपत्र तैयार कराया। प्रमाणपत्र को जिला आबकारी कार्यालय में लगाकर कुम्हावर क्षेत्र की कंपोजिट अंग्रेजी शराब व बीयर की दुकान का वर्ष 2025-26 का स्थायी लाइसेंस हासिल कर लिया गया।
इसी प्रमाणपत्र के आधार पर वर्ष 2026-27 के लिए लाइसेंस का नवीनीकरण भी करा लिया गया। आबकारी कार्यालय में कुसुमा देवी की पत्रावली में लगे चरित्र प्रमाणपत्र की ऑनलाइन जांच कराई गई तो प्रमाण पत्र संख्या किसी दूसरे व्यक्ति के नाम से जारी होना पाया गया। आरोप है कि कूटरचित तरीके से नाम और पता बदल दिया गया। शिकायत में आरोपियों के खिलाफ पूर्व में सैफई और फ्रेंड्स कॉलोनी थानों में मुकदमे दर्ज होने की बात भी कही गई है।
प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र राठी ने बताया शिकायत के आधार पर रामाधार, उसकी पत्नी कुसुमा देवी और बेटे विकास यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। दस्तावेजों की जांच और विवेचना के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।
