इटावा। शहर में चोरों ने दो अलग-अलग स्थानों पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। बैरून कटरा साहब खां में एक बंद मकान में चोरी का प्रयास विफल रहा, जबकि भूरा मोहल्ले के प्राथमिक विद्यालय से दो गैस सिलिंडर चोरी हो गए। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।

बैरून कटरा साहब खां निवासी सुरेंद्र ने बताया कि उनके बड़े बेटे प्रदीप के बंद मकान में शुक्रवार तड़के करीब ढाई बजे दो चोरों ने धावा बोला। चोरों ने मकान के मुख्य गेट का ताला तोड़ दिया था। हालांकि, गेट में सेंट्रल लॉक लगा होने के कारण वे अंदर नहीं घुस पाए। काफी प्रयास के बाद दोनों चोर वहां से चले गए और टूटा हुआ ताला भी अपने साथ ले गए। सुबह परिवार के लोगों को मकान का ताला टूटा देखकर घटना की जानकारी हुई। पड़ोसी के घर लगे सीसीटीवी कैमरे में रात के समय दो संदिग्ध मकान का ताला तोड़ते हुए कैद हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान का प्रयास शुरू किया है। सुरेंद्र ने बताया कि उनका बेटा प्रदीप करीब सात साल से लापता है।

शहर के टोला भूरा मोहल्ले में स्थित प्राथमिक विद्यालय में भी चोरों ने धावा बोला। शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे रसोइया विद्यालय पहुंचा तो रसोई का गेट टूटा मिला। अंदर जाकर देखने पर पता चला कि रसोई से दोनों गैस सिलिंडर गायब थे। रसोइया ने तुरंत इंचार्ज प्रधानाचार्य अंजना को इसकी जानकारी दी।

प्रधानाचार्य अंजना ने डायल 112 पर सूचना देने के साथ कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और आसपास के लोगों से पूछताछ की। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। संदेह के आधार पर मोहल्ले के ही एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। प्रभारी निरीक्षक यशवंत सिंह ने बताया कि जल्द ही इन चोरियों का खुलासा किया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *