इटावा। मौसम में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव से छोटे से लेकर बड़े तक बीमार पड़ रहे हैं। लगातार तीन दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी में डायरिया के मरीजों की संख्या दोगुनी हो गई है। पहले डायरिया के मरीज जहां 45 से 50 आ रहे थे। वहीं, अब इनकी संख्या 118 तक पहुंच गई है। डॉक्टर दवा के साथ बदलते मौसम में खानपान में सतर्कता बरतने की सलाह दे रहे हैं।
बृहस्पतिवार को संयुक्त जिला अस्पताल में सुबह होते ही मरीजों की भीड़ लग गई। दोपहर 12 बजे तक 1089 मरीजों ने पंजीकरण करवाया। इसमें पेट दर्द, उल्टी-दस्त समेत 118 मरीज इलाज कराने पहुंचे। डॉक्टर ने मरीजों की जांच कराने के बाद उनका उपचार शुरू किया। इसमें अधिकतर मरीजों से खानपान आदि के बारे में पूछा गया। इसमें अधिकतर बच्चों ने बाहर से फास्ट फूड खाने की बात कही। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. पीके यादव ने अभिभावकों से बदलते मौसम में बच्चों के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी। साथ ही घर पर ही ताजा खाना खिलाने की सलाह दी।
इन बातों का रखें ध्यान
-बाहर का खुला, बासी या दूषित भोजन खाने से बचें।
-समय-समय पर साफ उबला पानी, ओआरएस का घोल, नींबू पानी या छाछ लेते रहें।
-हमेशा ताजा बना हुआ और ढका हुआ भोजन ही करें।
-खाना खाने से पहले और बाहर से आने के बाद हाथों को साबुन से अच्छी तरह धोएं।
-उल्टी या दस्त के लक्षण दिखते ही खुद से दवा लेने के बजाय तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर दिखाएं।
