सैफई। आयुर्विज्ञान विवि सैफई के ब्लड बैंक में मरीज के परिजन से एक यूनिट खून के लिए आठ हजार रुपये मांगने का आरोप लगा है। परिजन ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया है। वीडियो में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की गई है।

औरैया के तिलकपुर निवासी श्यामवीर सिंह के चाचा रामवीर सिंह (83) विवि के चिकित्सा विभाग में भर्ती हैं। सोमवार रात डॉक्टर ने रामवीर को तीन यूनिट खून चढ़ाने की जरूरत बताई थी। श्यामवीर डॉक्टर की पर्ची लेकर ब्लड बैंक पहुंचे। उनका आरोप है कि वहां करीब आधे घंटे तक कोई कर्मचारी बाहर नहीं आया। श्यामवीर ने खुद रक्तदान करने की इच्छा जताई, लेकिन उन्हें खून उपलब्ध नहीं हो सका। वीडियो में श्यामवीर ने बताया कि एक व्यक्ति ने उनसे एक यूनिट खून के लिए आठ हजार रुपये मांगे। उस व्यक्ति ने हर तरह की व्यवस्था होने और जितना खून चाहिए, उपलब्ध कराने का दावा किया। श्यामवीर ने उस व्यक्ति को बाहर का बताया है।

श्यामवीर के अनुसार, डॉक्टर ने बाहर से खून लाने को अमान्य बताया। इसके बाद उन्होंने वीडियो बनाकर मुख्यमंत्री से न्याय की मांग की। संवाद न्यूज एजेंसी टीम इस वीडियो की पुष्टि नहीं करती है। हालांकि, रुपये मांगने का आरोप जिस व्यक्ति पर लगा है, उसके विवि का कर्मचारी होने की पुष्टि नहीं हुई है। कुलपति प्रो. अजय सिंह ने बताया कि इस मामले में डीन के नेतृत्व में एक टीम जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *