इटावा। बदलता मौसम बच्चों से लेकर बड़ों तक को बीमार कर रहा है। सोमवार को जिला अस्पताल में वायरल बुखार के 122 मरीज पहुंचे। डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें दवा दी। डॉक्टरों ने मरीजों को इस मौसम में सावधानी बरतने और हल्का भोजन करने की सलाह दी।
सोमवार को डॉ. बीआर आंबेडकर संयुक्त जिला अस्पताल में 1157 नए मरीजों ने पंजीकरण करवाया। इसमें सबसे अधिक सर्दी, जुकाम, बुखार व वायरल के मरीज पहुंचे। इसमें 122 मरीजों में वायरल की समस्या से पीड़ित मिले। मरीजों ने बताया कि दवा लेने के बाद बुखार उतर जाता है और दवा का असर खत्म होते ही दोबारा बुखार आ जाता है।
जिला अस्पताल के फिजीशियन डॉ. सौरभ यादव ने बताया कि यह वायरल के लक्षण हैं। इस समय बुखार जल्दी नहीं उतर रहा है। उन्होंने मरीजों की जांच की जांच कराने के बाद दवा लिखी। साथ ही बदलते मौसम में बच्चों को फुल कपड़े पहनाने की सलाह दी। इसके अलावा ठंडी चीजों की सेवन न करने की सलाह दी।
वायरल के बचने के लिए क्या करें
-खाना खाने से पहले और बाहर से आने के बाद अच्छी तरह हाथ धोएं।
-बिना हाथ धोए अपनी आंखों, नाक और मुंह को बार-बार छूने से बचें।
-हरी सब्जियां, हल्दी, अदरक, तुलसी और गिलोय का सेवन करें।
-सर्दी होने पर हल्का गुनगुना पानी पीएं।
-भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें।
-घर में किसी को वायरल होने पर उसके बर्तन, तौलिया और कपड़े अलग रखें।
-बिना डॉक्टर की सलाह के दवा का सेवन बिल्कुल न करें।

