भरथना। रेलवे स्टेशन के पूर्वी ओर रेलवे फाटक संख्या 20 बी के पास मंगलवार शाम एक युवक की शताब्दी एक्सप्रेस की चपेट में आने से मौत हो गई। युवक रामलीला में रावण दहन देखकर लौट रहा था। हादसे में उसकी मौके पर ही जान चली गई।
खबर वहीं जो सत्य हो©

मृतक की पहचान फर्रुखाबाद के कायमगंज थाना क्षेत्र के घसिया चिचौली निवासी आजम मंसूरी (30) के रूप में हुई। आजम करीब डेढ़ महीने से भरथना क्षेत्र की एक तंबाकू फैक्टरी में पैकिंग का काम कर रहा था। वह भरथना में ही रह रहा था। पिता अफरोज ने बताया कि मंगलवार शाम वह रावण दहन देखने निकला था। लौटते समय रेलवे फाटक के पास पटरी पार कर रहा था। इसी दौरान लखनऊ से नई दिल्ली जा रही शताब्दी एक्सप्रेस की चपेट में आ गया।
जीआरपी चौकी प्रभारी अजब सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को मृतक के पास से एक मोबाइल फोन मिला। उसमें दर्ज नंबरों के जरिए उसके भाई अयाम मंसूरी से संपर्क किया गया। बुधवार सुबह पहुंचे परिजनों ने कपड़ों के आधार पर शव की पहचान की। जीआरपी चौकी प्रभारी अजब सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।