जसवंतनगर। वन विभाग में लकड़ी कटान के नाम पर रुपयों के लेनदेन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस वीडियो के सामने आने के बाद विभाग में खलबली मच गई। वन दरोगा श्रीनिवास पांडे को प्रथम दृष्टया कार्रवाई करते हुए डीएफओ ने निलंबित कर दिया है।
वायरल वीडियो में वन दरोगा श्रीनिवास पांडे एक व्यक्ति से रुपये लेते दिख रहे हैं। हालांकि, संवाद न्यूज एजेंसी इस वीडियो की पुष्टि नहीं कर रही है। यह वीडियो गुरुवार शाम का बताया जा रहा है। इसे हाईवे पर स्थित एक मैरिज होम के सामने अंडरब्रिज के नीचे फिल्माया गया है। वीडियो में रुपये देने वाला व्यक्ति लकड़ी कटान से पहले रुपये देने और फिर अनुमति मिलने की बात कह रहा है। इस लेनदेन का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। वीडियो सामने आने के बाद विभागीय निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठे हैं।
डीएफओ विकास नायक ने बताया कि वायरल वीडियो की जानकारी मिली है। प्रथम दृष्टया वन दरोगा श्रीनिवास पांडे को चार्जशीट देकर निलंबित किया गया है। पूरे मामले की जांच वन विभाग के एसडीओ अंशुमान मित्तल को सौंपी गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय स्तर पर वन विभाग के कर्मचारियों पर रुपये के लेनदेन के आरोप पहले भी लगते रहे हैं।
