चकरनगर। साधन सहकारी समिति कार्यावली के सचिव पर डीएपी की कालाबाजारी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद टिटावली और कार्यावली समितियों पर खाद वितरण ठप हो गया है। दोनों समितियों पर डीएपी उपलब्ध न होने से करीब 30 गांवों के 20 हजार किसानों के सामने खाद का संकट खड़ा हो गया है।

गेहूं की बोआई के लिए खेत तैयार कर रहे किसानों को मजबूरी में निजी दुकानों से महंगे दामों पर खाद खरीदनी पड़ रही है। चकरनगर और हनुमंतपुरा कस्बे में डीएपी की एक बोरी 1700 से 2000 रुपये तक में बेची जा रही है।

गौरतलब है कि बृहस्पतिवार शाम साधन सहकारी समिति कार्यावली से मध्य प्रदेश में कालाबाजारी के लिए ले जाई जा रही डीएपी की 30 बोरियां पुलिस ने पकड़ी थीं। इसके बाद सहायक आयुक्त कमलेश वर्मा और जिला कृषि अधिकारी ओमकार सिंह ने समिति के अभिलेखों और गोदाम की जांच की।

जांच में अभिलेखों में 187 बोरी डीएपी दर्ज मिली थी, जबकि गोदाम में केवल 34 बोरियां ही पाई गईं थीं। विभागीय रिपोर्ट के आधार पर सचिव सुनील कुमार, सहायक शैलेंद्र कुमार और चालक अजय कुमार के खिलाफ बिठौली थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। सचिव पर कार्रवाई के बाद दोनों समितियों में खाद वितरण बंद हो गया। विभाग की ओर से अभी तक किसी दूसरे कर्मचारी की तैनाती नहीं की गई है।

इससे सोनेपुरा, विड़वा कला, उखरेला, भोया, कोटरा, बिरौनाबाग, टिटावली, प्रेमकापुरा, अर्रुकापुरा, कोला, गढ़ैया, सिरसा, रानीपुरा, विद्यापुरा, बलजुपुरा, सकरावली, कार्यावली, नीवरी, लालपुरा, सलोखरा, कचहरी, शेरगढ़, पूठन, अनैठा, गुपियाखार, कंधावली, बिठौली और भजनपुरा समेत करीब 30 गांवों के किसान प्रभावित हैं।

विड़वा कला निवासी किसान अखिलेश कुमार ने बताया कि टिटावली समिति पर डीएपी नहीं मिलने के कारण हनुमंतपुरा से 1700 रुपये में एक बोरी खरीदनी पड़ी। वहीं चंद्रहंसपुरा निवासी किसान लालता प्रसाद ने बताया कि गेहूं की फसल के लिए खेत में पानी लगा दिया है, लेकिन खाद नहीं मिलने से बोआई की चिंता सता रही है।

सहायक आयुक्त कमलेश वर्मा ने बताया कि किसानों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। जल्द ही कमेटी की ओर से दूसरे कर्मचारी की नियुक्ति की जाएगी। जिले में पर्याप्त खाद उपलब्ध है और एक दिन में समितियों पर खाद पहुंचा दी जाएगी।



Source link