इटावा। जिले के माध्यमिक विद्यालयों में अब साफ-सफाई और पर्यावरण व्यवस्था की भी परीक्षा होगी। स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग (एसएचबीआर) अभियान के तहत जिले के सभी माध्यमिक स्कूलों को पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा। इसके बाद स्कूलों का जल, स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरणीय स्थिरता के आधार पर मूल्यांकन किया जाएगा।
डीआईओएस अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सभी प्रधानाचार्यों को अभियान से जुड़ने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कॉलेज संचालकों से एसएचवीआर पोर्टल पर पंजीकरण कराने को कहा है। अभियान में सरकारी के साथ निजी, आवासीय, आदिवासी और अल्पसंख्यक विद्यालय भी शामिल होंगे। पंजीकरण के बाद स्कूलों को स्व-मूल्यांकन पूरा करना होगा। इसके बाद अलग-अलग चरणों में ऑनलाइन परीक्षा होगी। बेहतर प्रदर्शन करने वाले स्कूलों का जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर चयन किया जाएगा। इन स्कूलों को आधिकारिक मान्यता, अनुदान और प्रमाणपत्र दिए जाएंगे।
विद्यालयों में पेयजल सुविधाएं, शौचालय और स्वच्छता की स्थिति देखी जाएगी। हाथ धोने के लिए स्थान और साबुन की उपलब्धता भी जांची जाएगी। इसके अलावा परिसर की साफ-सफाई और रखरखाव, स्वच्छता व्यवहार में बदलाव के प्रयास तथा जलवायु जागरूकता और मिशन लाइफ की गतिविधियों को भी मूल्यांकन में शामिल किया गया है।
