भरथना। थाना क्षेत्र के नगला धनी गांव में हाईकोर्ट के आदेश पर जमीन की पैमाइश करने पहुंची राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम के सामने ही दो पक्षों के किसान आपस में भिड़ गए। पैमाइश के दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर कहासुनी और खींचतान हुई। इस दौरान बीच-बचाव कर रहे बेर चौकी प्रभारी की अंगुली में जमीन नापने वाली जरीब (चेन) खींचने से चोट लग गई। पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

बेर चौकी प्रभारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश पर श्याम सिंह व अन्य के पक्ष में जमीन की नाप-जोख कराई जानी थी। इसके लिए मंगलवार को चकबंदी और पुलिस की संयुक्त टीम नगला धनी गांव पहुंची थी। टीम ने जैसे ही जमीन की पैमाइश शुरू की, दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। देखते-ही-देखते उनके बीच विवाद बढ़ गया और मौके पर हंगामा शुरू हो गया। चौकी प्रभारी के अनुसार, वह पैमाइश के दौरान जरीब पकड़कर खड़े थे।

तभी नगला धनी निवासी सर्वेश कुमार ने अचानक जरीब खींच दी। इससे उनकी अंगुली में मामूली चोट आ गई। मौके पर स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप किया और एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। हिरासत में लिए गए व्यक्ति के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई। वहीं, जमीन की पैमाइश के दौरान हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



Source link