इटावा। हवाई हमले जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए 22 नवंबर को बकेवर में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। शाम छह बजे जनता कॉलेज, बकेवर चौराहा पर होने वाले इस अभ्यास में सायरन बजाकर लोगों को सतर्क करने से लेकर राहत और बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया जाएगा।


शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में डीएम शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मॉक ड्रिल की तैयारियों की समीक्षा की गई। निर्धारित कार्यक्रम के तहत शाम छह बजे रेड अलर्ट सायरन बजाया जाएगा। इसके साथ ही निर्धारित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर ब्लैकआउट किया जाएगा। इसके बाद लोगों को सुरक्षित स्थानों और बंकरों तक पहुंचाने, ड्रोन को निष्प्रभावी करने, आग बुझाने तथा भवनों में फंसे लोगों को निकालने का अभ्यास होगा।

घायलों को प्राथमिक उपचार देकर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया जाएगा। शाम 6:30 बजे एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें राहत-बचाव कार्य करेंगी। डीएम ने लोगों से अपील की कि मॉक ड्रिल के दौरान घबराएं नहीं और अफवाहों पर ध्यान न दें। (संवाद)



Source link