25 जुलाई को जिले के दौरे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आ सकते हैं। इसे लेकर जिला प्रशासन और संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को नुमाइश पंडाल के तौर पर सभास्थल और हेलीकॉप्टर उतरवाने के लिए पुलिस लाइन की तैयारियां देखी हैं। बुधवार को डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल और एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से नुमाइश पंडाल का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल, मंच, वीआईपी आगमन एवं प्रस्थान मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, आमजन के प्रवेश एवं निकास मार्ग, आपातकालीन निकासी व्यवस्था, अग्निशमन, चिकित्सा सहायता तथा विद्युत व्यवस्था सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। डीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप पूरी की जाएं। उन्होंने विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बनाकर कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए सौंपे गए दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता, अनुशासन और समन्वय के साथ दायित्व निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक गतिविधि पर प्रभावी निगरानी रखी जाए और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए। जिला प्रशासन और इटावा पुलिस ने कहा है कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। उधर, भाजपा जिलाध्यक्ष अरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि 25 को मुख्यमंत्री का संभावित दौरा तय हुआ है। इसे लेकर संगठन की ओर से भी पूरी तैयारियां की जा रही हैं।
