फतेहपुर। पिछले वर्ष पटाखा बाजार में आग लगने की घटना के बाद पुलिस और प्रशासन इस बार विशेष सतर्कता बरत रहा है। ऐसे में अस्थायी लाइसेंस का दुरुपयोग करने वालों को ब्लैक लिस्ट किया जाएगा।

सदर, बिंदकी और खागा तहसील स्तर पर आतिशबाजी के बाजार सजाए जाएंगे। सदर तहसील में पहली बार दो स्थानों पर दुकानें लगेंगी। पिछले वर्ष दीपावली के दिन एमजी कॉलेज ग्राउंड में आग लग गई थी। इस बार एमजी कॉलेज के साथ शहर के दक्षिणी हिस्से में राधानगर थाना क्षेत्र स्थित मंडी समिति को भी नए स्थल के रूप में चुना गया है।

सदर तहसील में करीब 70 अस्थायी लाइसेंस के आवेदन स्वीकृत हुए हैं। इनमें लगभग 30 दुकानें एमजी कॉलेज और 40 मंडी समिति में लगेंगी। वहीं खागा और बिंदकी में 35-35 अस्थायी लाइसेंस बनाए जा रहे हैं। इस तरह तीनों तहसीलों में कुल 140 से 145 अस्थायी लाइसेंस पर दुकानें लगेंगी।

प्रशासन के संज्ञान में आया है कि कुछ दुकानदार अस्थायी लाइसेंस की आड़ में अलग-अलग स्थानों पर दुकानें लगाते हैं। ऐसे दुकानदारों के लाइसेंस ब्लैक लिस्ट करने की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा कस्बों और अन्य स्थानों पर बिना लाइसेंस भी दुकानें लगाई जाती हैं। नियमों का उल्लंघन मिलने पर पटाखे का भंडारण जब्त कर प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।

गाजियाबाद से दमकल के दो चालक भेजे गए

त्योहार के दौरान तीन दिन तक दमकल विभाग की 24 घंटे ड्यूटी रहेगी। जिले में दमकल कर्मियों की कमी है और ऐसे में चालकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। त्योहार पर चालकों की कमी न रहे, इसके लिए विभाग को गाजियाबाद से दो चालक भेजे गए हैं। ये तीन दिन तक ड्यूटी पर रहेंगे। विभाग ने सात दमकल टैंकर भी दुरुस्त कराए हैं। इनमें एक दमकल पटाखा बाजार में तैनात रहेगी, जबकि दूसरी विभिन्न स्थानों पर आग बुझाने के लिए भेजी जाएगी।

अस्थायी दुकानों के मुख्य मानक

– प्रत्येक दुकान में नौ किलो क्षमता के दो एबीसी अग्निशमन यंत्र होने चाहिए।

– 200 लीटर पानी से भरे दो ड्रम रखे जाएं।

– 10 घनमीटर बालू से भरी चार बाल्टियां उपलब्ध हों।

– दुकान पर टिन शेड प्रतिबंधित रहेगा और वायरिंग दुरुस्त होनी चाहिए।

– वृद्ध, दिव्यांग और नाबालिग दुकानों पर नहीं बैठेंगे।

टीमें पुलिस और प्रशासन की मदद से अस्थायी लाइसेंसधारकों के भंडारण की लगातार जांच कर रही हैं। लाइसेंसधारक चिह्नित स्थानों पर निर्धारित मानकों के अनुसार ही दुकानें लगाएंगे। नियमों की अनदेखी करने वालों को ब्लैक लिस्ट किया जाएगा। नगर पालिका और नगर पंचायत की ओर से तहसील स्तर पर दुकानें लगवाई जा रही हैं।

– जसबीर सिंह, सीएफओ।

फोटो-29-फतेहपुर: एमजी कॉलेज में सज रहा आतिशबाजी का बाजार। संवाद

फोटो-29-फतेहपुर: एमजी कॉलेज में सज रहा आतिशबाजी का बाजार। संवाद



Source link

अभी अभी की खबरें