फतेहपुर। औंग थाना क्षेत्र में कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर दूसरा पासपोर्ट बनवाने की कोशिश के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को एक युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि उसने पहचान संबंधी दस्तावेजों में हेरफेर कर दो पासपोर्ट बनवाने का प्रयास किया।

मामले की शिकायत मिलने पर एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने जांच कराई। जांच के बाद थाने के एसआई बाबूलाल की ओर से गुधरौली गांव निवासी राम अनुज पांडेय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई।

आरोप है कि उसने आधार कार्ड और वोटर कार्ड में अपना नाम, पिता और माता का नाम तथा जन्मतिथि बदलकर दूसरी पहचान बनाई और इसके आधार पर दो पासपोर्ट बनवाने की कोशिश की।

पुलिस के मुताबिक, राम अनुज पांडेय को 20 अक्तूबर 2011 को पासपोर्ट जारी किया गया था। उनके विदेश में रहने के दौरान किसी कारणवश पासपोर्ट काली सूची में चला गया। इसके बाद उन्होंने दूसरी पहचान के आधार पर फिर से पासपोर्ट के लिए आवेदन किया। प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।



Source link

अभी अभी की खबरें