खागा (फतेहपुर)। कोतवाली क्षेत्र के सरसई गांव के पास शनिवार दोपहर मिट्टी लदे ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार दवा कंपनी कर्मी की मौत हो गई। वहीं हादसे में किशोर घायल हो गया। दोनों खागा से खरीदारी कर घर लौट रहे थे।
कुंभीपुर गांव निवासी अभिषेक भारती (28) वाराणसी की एक निजी दवा कंपनी में बिलिंग मैनेजर थे। शुक्रवार शाम वह छुट्टी लेकर घर आए थे। शनिवार सुबह वह पड़ोसी वैभव कुमार (17) पुत्र महेंद्र के साथ बाइक से खागा गए थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे दोनों घर लौट रहे थे। सरसई गांव के पास पीछे से आए मिट्टी लदे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंचे परिजन पुलिस की मदद से उन्हें सीएचसी हरदो ले गए। यहां चिकित्सक ने अभिषेक को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल वैभव का उपचार जारी है। अभिषेक की दो वर्ष पहले पूजा से शादी हुई थी। उसका डेढ़ वर्षीय बेटा सिद्धार्थ है।

