फतेहपुर। हथगाम थाना क्षेत्र के अखरी गांव में हुए चर्चित तिहरे हत्याकांड से जुड़े गैंगस्टर मुकदमे में बृहस्पतिवार को गैंगस्टर कोर्ट में सुनवाई हुई। न्यायाधीश सुभाष चंद्र के समक्ष बचाव पक्ष के अधिवक्ताओं ने मुकदमे के लेखक (मुंशी) अभिषेक मिश्रा से जिरह की। जिरह पूरी होने के बाद न्यायालय ने अगली सुनवाई के लिए 13 नवंबर की तारीख निर्धारित की है।

अखरी गांव में आठ अप्रैल 2025 को वर्चस्व की रंजिश में भाकियू (टिकैत) के किसान नेता विनोद सिंह (45), उनके भाई अनूप सिंह (40) और भतीजे अभय प्रताप सिंह (21) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पूर्व प्रधान सुरेश उर्फ मुन्नू सिंह, उसके बेटे पीयूष सिंह, भूपेंद्र, सज्जन, विवेक और जॉन उर्फ विपुल के खिलाफ हत्या के साथ गैंगस्टर का मुकदमा भी दर्ज किया गया था।

अभियोजन के अनुसार, गैंगस्टर मुकदमे में वादी इंस्पेक्टर दुर्गेश गुप्ता से पहले ही जिरह पूरी हो चुकी है। बृहस्पतिवार को मुकदमे के लेखक अभिषेक मिश्रा से भी बचाव पक्ष की जिरह पूरी हो गई। अब 13 नवंबर को मामले के विवेचक की गवाही और जिरह होगी। सुनवाई के लिए सभी आरोपियों को कौशाम्बी जिला जेल से न्यायालय लाया गया था।



Source link

अभी अभी की खबरें