फतेहपुर। मलवां थाने के सुल्तानपुर समसाही गांव में भूमि विवाद के मामले में पकड़े गए सेवानिवृत्त फौजी भाइयों का तीन दिन बाद शांतिभंग में चालान किया गया। मामले में एक पुलिसकर्मी पर ग्राहक सेवा केंद्र (सीएससी) के जरिये एक लाख रुपये मंगवाने का आरोप लगा है। इससे संबंधित स्क्रीनशॉट भी वायरल हुए हैं।
गांव निवासी सेवानिवृत्त फौजी भाई रमेश सिंह और संजय सिंह का राज्यमंत्री कृष्णा पासवान की बड़ी बहन रामा पासवान से भूमि को लेकर विवाद हुआ था। रमेश सिंह के बेटे सूरज सिंह ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसमें आरोप लगाया कि पुलिस ने बिना जांच किए उनके पिता और चाचा को तीन दिन तक थाने में बंद रखा।
रुपये देने के बाद बृहस्पतिवार को उनका शांतिभंग में चालान किया गया। इस दौरान बिना नेम प्लेट लगाए एक पुलिसकर्मी ने पूरे परिवार को परेशान किया। प्रभारी निरीक्षक रमाशंकर सरोज ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच समझौता होने के बाद चालान की कार्रवाई की गई है। पुलिस पर लगाए जा रहे आरोप गलत हैं।