फतेहपुर। पुरी से आनंद विहार जा रही नंदनकानन एक्सप्रेस का इंजन शुक्रवार सुबह मलवां और कंसपुर गुगौली स्टेशन के बीच फेल हो गया। अप मेन लाइन पर ट्रेन खड़ी होने से हावड़ा-दिल्ली रेलमार्ग पर करीब तीन घंटे तक रेल यातायात बाधित रहा। इस दौरान गरीब रथ समेत 11 ट्रेनें प्रभावित हुईं। कानपुर से दूसरा इंजन मंगवाकर दोपहर 1:25 बजे नंदनकानन एक्सप्रेस को रवाना किया जा सका।
नंदनकानन एक्सप्रेस सुबह करीब 9:45 बजे फतेहपुर रेलवे स्टेशन से रवाना हुई थी। मलवां स्टेशन पार करने के करीब पांच मिनट बाद सुबह 10 बजे ट्रेन का इंजन जवाब दे गया और ट्रेन अप मेन लाइन पर खड़ी हो गई। करीब 10:25 बजे इंजन फेल होने की सूचना टीएलसी (ट्रैक्शन लोको कंट्रोल) प्रयागराज को दी गई।
इसके बाद टीआई संदीप सिंह और मलवां स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक एमएस मिश्रा मौके पर पहुंचे। रेलवे अधिकारियों ने ट्रेन को रवाना करने के लिए कानपुर से दूसरा इंजन मंगवाया। करीब 12:30 बजे दूसरा इंजन पहुंचा।
इसे डाउन लाइन से कंसपुर गुगौली स्टेशन लाया गया। यहां से अप लाइन पर पहुंचाकर दोपहर करीब एक बजे नंदनकानन एक्सप्रेस से जोड़ा गया। इसके बाद दोपहर 1:25 बजे ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया गया। इस दौरान अप लाइन पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा।
इंजन में तकनीकी खराबी आने से नंदनकानन एक्सप्रेस खड़ी हो गई थी। दूसरा इंजन मंगवाकर ट्रेन को रवाना करा दिया गया।
– अमित सिंह, पीआरओ, डीआरएम, प्रयागराज।

