Etawah News: इटावा में सोमवार को पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने रिजर्व पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्द पर ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और जनसेवा के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में एसएसपी ने उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक की ओर से प्रेषित संदेश उपस्थित पुलिसकर्मियों को पढ़कर सुनाया। उन्होंने पुलिस झंडा दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पुलिस विभाग के गौरवशाली इतिहास, शौर्य, साहस, त्याग और बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि पुलिस बल की पहचान उसके अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और आमजन की सुरक्षा के प्रति समर्पण से होती है।
एसएसपी ने कहा कि पुलिस झंडा दिवस पुलिस विभाग के लिए गौरव और सम्मान का प्रतीक है। यह दिवस सभी पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठावान रहने और जनसेवा के संकल्प को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। पुलिस का मुख्य दायित्व कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराधों पर नियंत्रण करना और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि वे पूरी ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार करें और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहें। साथ ही पुलिस बल की गरिमा, प्रतिष्ठा और गौरवशाली परंपराओं को बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों ने विभाग की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाने और जनसेवा के संकल्प को और मजबूत बनाने का संदेश दिया। पुलिस झंडा दिवस के इस आयोजन ने पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी।
