संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहपुर
Updated Sat, 28 Oct 2023 12:50 AM IST
फोटो-01-सीसीटीवी कैमरे में कैद डीजल भराती कार।
कार में 32 लीटर पेट्रोल व अंदर रखे आठ डिब्बों में 444 लीटर भराया
संवाद न्यूज एजेंसी
चौडगरा। हाईवे पर स्थित पेट्रोल पंप से गुरुवार शाम कार सवार 43 हजार कीमत का डीजल भराकर भाग निकले। सूचना पर थाना पुलिस व पीआरवी खोजबीन को पहुंची, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। मैनेजर ने घटना की तहरीर थाने में दी है।
कल्यानपुर थानाक्षेत्र के हाइवे पर मौहार गांव के पास श्याम पेट्रोल पंप है। सेल्समैन सर्वेश कुमार ने बताया कि गुरुवार शाम को पेट्रोल पंप पर एक कार सवार पहुंचा और कार के अंदर रखे आठ डिब्बों में 444 लीटर डीजल भराया। इसके बाद कार में 32 लीटर पेट्रोल भराया। करीब 43 हजार का भुगतान करने के लिए कार सवार को बोला।
कार सवार को सेल्समैन कार्ड से भुगतान कराने के लिए ऑफिस ले गया। कार सवार ने कहा कि कार्ड कार में रह गया है। वह कार्ड लेकर आ रहा है। कार्ड लेने के बहाने युवक गाड़ी स्टार्ट कर भाग निकला। घटना देखकर कर्मचारी कार के पीछे दौड़े। कर्मचारियों ने पुलिस व पीआरवी को सूचना दी। पुलिस ने हाइवे पर काफी खोजबीन की,लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
पंप के मैनेजर रामप्रकाश ने तहरीर दी है। थानाध्यक्ष आनंदपाल सिंह ने बताया कि टोल के सीसीटीवी कैमरे चेक कराए गए हैं। पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी फुटेज में कार चालक का चेहरा भी साफ नहीं दिख रहा है। कार का नंबर उन्नाव का निकला है। उन्नाव पुलिस से संपर्क किया जा रहा है। कार नंबर फर्जी भी होने की आशंका जताई जा रही है।
