फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र में प्लॉट बेचने का झांसा देकर किसान नेता से 8.70 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने बृहस्पतिवार को आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के करमोन गांव निवासी राहुल कुमार साहू ने बताया कि वह एक किसान यूनियन का सदस्य है। करीब एक साल पहले उसकी मुलाकात दूसरे किसान संगठन के पदाधिकारी सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के प्रेमनगर निवासी साहिद शेख से हुई थी।
शाहिद ने प्रेमनगर रामपुर बस स्टैंड के पास जमीन बताकर उसे प्लॉट बेचने का प्रस्ताव दिया। दोनों के बीच 8.70 लाख रुपये में सौदा तय हुआ।आरोप है कि 11 अक्तूबर 2025 को राहुल ने बयाने के तौर पर दो लाख 70 हजार रुपये दिए। इसके बाद 25 अक्तूबर 2025 को छह लाख रुपये खाते में भेज दिए।
रुपये मिलने के बाद जब उसने बैनामा कराने के लिए कहा तो आरोपी टालमटोल करने लगा। छानबीन करने पर पता चला कि जिस जमीन का सौदा किया गया था, वह किसी दूसरे व्यक्ति की है। रुपये वापस मांगने पर आरोपी ने गालीगलौज की। प्रभारी निरीक्षक एसबी सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।

