फतेहपुर। बरात आने के दिन घर से प्रेमी के साथ गई युवती ने शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। युवती ने हमीरपुर जिले के आर्य समाज मंदिर में प्रेमी के साथ सात फेरे लेने का दावा किया है।

उसने सहमति संबंध से जुड़े दस्तावेज भी साझा किए हैं। वीडियो में युवती ने खुद को बालिग बताते हुए कहा कि उसने अपनी मर्जी से शादी की है। साथ ही लड़के के परिजन को परेशान न करने की अपील की है।

हुसैनगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती की शुक्रवार को बरात आनी थी। इससे पहले ही वह 17 नवंबर को गांव के रहने वाले प्रेमी अंकित के साथ चली गई थी। परिजन की शिकायत पर पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। तभी शुक्रवार दोपहर के बाद युवती ने शादी का वीडियो वायरल कर दिया। उसने शैक्षिक दस्तावेजों के आधार पर अपनी उम्र 19 वर्ष बताई है।

प्रभारी निरीक्षक तारकेश्वर राय ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज है। युवती को न्यायालय में पेश किया जाएगा। यहां उसके बयान दर्ज होंगे। न्यायालय के आदेश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link