जाफरगंज। थाना क्षेत्र के भवराजपुर गांव में बरात ठहराने की जगह को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। शुक्रवार को रामकिशन की बेटी की बरात आनी है।
इससे पहले बृहस्पतिवार को विवाद की सूचना पर पहुंचे अफसरों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर मामला सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन शाम तक सहमति नहीं बन सकी।
रामकिशन का कहना है कि गांव में संत निवास वाली जगह पहले बरातशाला के रूप में इस्तेमाल होती थी। वहीं प्रधान प्रमोद कुमार ने उक्त जमीन को पार्क और नंदलेश्वर मंदिर ट्रस्ट के नाम दर्ज बताते हुए वहां बरात ठहराने का विरोध किया।
दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ने पर अधिकारियों ने दूसरे मैदान में टेंट लगाकर वैवाहिक कार्यक्रम कराने का सुझाव दिया, लेकिन दोनों पक्ष अपनी-अपनी बात पर अड़े रहे।
बीडीओ अमौली सुरेश शिवहरे ने बताया कि विकासखंड के अभिलेखों में संबंधित स्थान पर बरातशाला दर्ज नहीं है। जमीन की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए डीआरडीए से जानकारी ली जाएगी।

