फतेहपुर। कलक्ट्रेट के महात्मा गांधी सभागार में शनिवार को जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने एआरटीओ को निर्देश दिए कि बिना परमिट और फिटनेस के स्कूली वाहनों का संचालन न होने दिया जाए। नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की जाए।
एसपी ने कहा कि ई-रिक्शा में निर्धारित मानक के अनुसार ही सवारियां बैठाई जाएं। नाबालिगों द्वारा ई-रिक्शा चलाने और बिना पंजीकरण संचालित होने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। बिना हेलमेट, सीट बेल्ट और नंबर प्लेट के वाहन चलाने वालों पर भी अभियान चलाकर चालान किया जाए।
नशे की हालत में वाहन चलाते मिलने पर चालक का लाइसेंस जब्त कर एआरटीओ को सौंपा जाए। आगामी दिनों में कोहरे की आशंका को देखते हुए सड़कों के किनारे झाड़ियों की कटाई, सफेद पट्टी बनवाने और वाहनों में रिफ्लेक्टर टेप लगाने समेत सभी सुरक्षा इंतजाम समय से पूरे कराने को कहा। ईंट भट्ठा एसोसिएशन के साथ बैठक कर ईंट ढोने वाले ट्रैक्टर-ट्रालियों पर सफेद पेंट और रिफ्लेक्टर लगवाने के निर्देश भी दिए।

