
पर्वत सिंह बादल ( ब्यूरो चीफ जालौन)✍️
उरई (जालौन) हवाई हमले एवं ब्लैकआउट की आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को परखने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से 22 नवंबर 2026 को जनपद में मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इसकी तैयारियों को लेकर जालौन जिलाधिकारी समीर ने कलेक्ट्रेट सभागार उरई में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा सभी विभागों को निर्धारित दायित्वों का पूरी गंभीरता और तत्परता से निर्वहन करने के निर्देश दिए।
शासन के निर्देशों के क्रम में 22 नवंबर को सायं 6 बजे हवाई हमले एवं ब्लैकआउट से संबंधित मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। जनपद स्तर पर इसका आयोजन पुलिस लाइन में किया जाएगा। मॉक ड्रिल के दौरान हवाई हमले की चेतावनी के लिए सायरन बजाया जाएगा तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संबंधित क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद की जाएगी, जिससे ब्लैकआउट की स्थिति का अभ्यास किया जा सके। जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की है कि मॉक ड्रिल की निर्धारित अवधि के दौरान घबराएं नहीं और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। विद्युत आपूर्ति बंद रहने की अवधि में लिफ्ट का प्रयोग बिल्कुल न करें तथा आवश्यक सावधानी बरतें। यह पूरी प्रक्रिया पूर्व निर्धारित अभ्यास का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों को सुरक्षित रखने और राहत एवं बचाव व्यवस्था की तैयारियों को मजबूत करना है। मॉक ड्रिल के दौरान नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों द्वारा राहत एवं बचाव कार्य, प्राथमिक उपचार, आग बुझाने तथा प्रभावित व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था, अग्निशमन विभाग द्वारा अग्निशमन संबंधी कार्रवाई तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा घायलों को प्राथमिक उपचार एवं अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया जाएगा। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं, ताकि मॉक ड्रिल प्रभावी ढंग से संपन्न हो सके। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अभ्यास आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया, संसाधनों के बेहतर उपयोग और जनसुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक शत्रुहन पाठक, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार सहित सम्बंधित अधिकारी मौजूद रहे।

