फतेहपुर। मथुरा के कलाकारों ने रुपयों की मांग पूरी न होने पर महिला के अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। आरोपी पहले भी महिला से करीब 80 हजार रुपये वसूल चुके हैं। पुलिस ने मंगलवार को आईटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले के रहने वाले व्यक्ति ने बताया कि कस्बे में हर साल मथुरा जिले के शेरगढ़ थाने के अगरयाला निवासी प्रेमपाल और जगदीश कुमार झांकियों का प्रदर्शन करने आते हैं। करीब 10 साल से आने-जाने के कारण उनकी जान-पहचान है। दोनों ने उसकी पत्नी के साथ कई फोटो खिंचवाई थीं।
बाद में पत्नी की आईडी हैक कर एक साल से उसे ब्लैकमेल कर रहे हैं। अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर पत्नी से ऑनलाइन 50,000 रुपये वसूल चुके हैं। इस मामले में मोहल्ले की रिया भी शामिल है। उसने भी कई किस्तों में पत्नी से 30,000 रुपये लिए हैं।
कुछ दिन पहले रिया वृंदावन गई थी, जहां उसने प्रेम पाल और जगदीश कुमार से मुलाकात की। इसके बाद आरोपियों ने सोशल मीडिया पर पब्जी लवर और बर्बाद आशिक नाम की इंस्टाग्राम आईडी से दो नवंबर को पत्नी की फोटो अपलोड कर रुपयों की मांग की।
करीब छह माह पहले भी आरोपियों ने फोटो अपलोड की थीं। आरोप है कि आरोपियों ने पत्नी को आत्महत्या के लिए मजबूर किया। कोतवाल शैलेष सिंह ने बताया कि एक युवती और दो युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।

