जालौन। ग्राम औरेखी के बाहर सार्वजनिक स्थान पर हार-जीत की बाजी लगा रहे तीन लोगों को छिरिया मलकपुरा चौकी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1800 रुपये नकद, मोबाइल फोन और ताश की गड्डी बरामद की है। चौकी प्रभारी आलोक पाल को सूचना मिली थी कि गांव के बाहर कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। इस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही जुआ खेल रहे लोगों में भगदड़ मच गई, लेकिन पुलिस ने औरेखी निवासी आकाश कुशवाहा, रोहित कुमार और राजेश को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान मालफड़ से 1500 रुपये और जामा तलाशी में 300 रुपये बरामद हुए। पुलिस ने तीनों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है। (संवाद)

