धाता। विकास खंड परिसर में शुक्रवार को ग्राम रोजगार सेवकों ने धरना दिया। वे मानदेय वृद्धि समेत मांगों के समाधान न होने से नाराज थे। संघर्ष मोर्चा उत्तर प्रदेश की अपील पर कर्मचारियों ने बीडीओ राजेंद्र प्रसाद यादव को ज्ञापन सौंपा।
रोजगार सेवक मासिक मानदेय 24 हजार रुपये करने की मांग कर रहे हैं। कैशलेस चिकित्सा, ईपीएफ भुगतान और पुराने वेतन सहित अन्य समस्याएं भी हैं। 13 नवंबर 2026 को आयुक्त से वार्ता हुई थी। समस्याओं के निस्तारण के लिए एक सप्ताह का समय मिला, पर कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ।
संगठन ने विशेष रोजगार सृजन सप्ताह में प्रदेशभर में कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी। मांगें पूरी न होने पर तीन दिसंबर को लखनऊ में विधानसभा का घेराव होगा। इसके बाद अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार भी किया जाएगा। धरने में नरेंद्र सिंह, अजीत प्रताप सिंह, दिनेश केशकर, सुनील कुमार शुक्ला, लालजी सिंह, देशवंत सिंह, लवलेश सिंह, रामनरेश, रामकरन मौजूद रहे। (संवाद)

