जाफरगंज (फतेहपुर)। किसी को ऑनलाइन रुपये ट्रांसफर करने को लेकर हुए विवाद में पिता ने बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। वारदात को हादसे का रूप देने के लिए पहले शव कुएं में फेंका। इसके बाद पत्नी के साथ मिलकर रात में शव को कुएं से निकाला और ग्रामीणों के सामने यमुना नदी में प्रवाहित कर दिया।

ललौली के दरियाबाद में 19 नवंबर को यमुना में किशोरी का शव मिलने के बाद मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने हत्या और साक्ष्य छिपाने के आरोप में मां-पिता के खिलाफ रविवार शाम प्राथमिकी दर्ज की है।

ललौली थाना क्षेत्र के दरियाबाद श्मशान घाट के पास 19 नवंबर को यमुना नदी में एक युवती का शव उतराता मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि जाफरगंज थाना क्षेत्र के बारा गांव निवासी जितेंद्र सिंह की बेटी प्राची सिंह (17) का शव 10 नवंबर को यमुना में प्रवाहित किया गया था। लावारिस शव की पहचान प्राची के रूप में हुई। पुलिस ने रविवार दोपहर भिटौरा घाट पर शव का अंतिम संस्कार कराया।

थाने के एसएसआई दिनेश सिंह की ओर से प्राची के पिता जितेंद्र सिंह और मां सुधा सिंह के खिलाफ दर्ज कराई गई प्राथमिकी में बताया गया कि शव की तस्वीरों, कपड़ों और चादर के आधार पर पिता, मां और भाई देवेंद्र प्रताप ने उसकी पहचान प्राची के रूप में की थी।

पुलिस के मुताबिक, घटना से पहले किशोरी ने किसी को ऑनलाइन रुपये ट्रांसफर किए थे। इसी बात पर पिता और बेटी के बीच विवाद हुआ था। घटना वाली रात भी घर में पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो रही थी। इस दौरान प्राची का पक्ष लेने पर मां सुधा सिंह अपने पति से उलझ गई थी।

पेशे से ट्रक चालक जितेंद्र सिंह उस रात नशे में था। प्राची ने पूर्व में हुए विवादों के कई वीडियो और ऑडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किए थे। इनमें पिता को बेटी और पत्नी के साथ गाली-गलौज करते सुना जा सकता है। परिवार में करीब छह महीने से अक्सर विवाद हो रहा था।

ग्रामीणों के मुताबिक, घटना की रात पिता बेटी के सोने का इंतजार करता रहा। उसके सोते ही गला दबा दिया, जिससे वह छटपटाने लगी। शोर सुनकर पत्नी की नींद खुल गई और वह चीखने-चिल्लाने लगी।

उस समय प्राची की सांसें चल रही थीं और वह मरणासन्न हालत में थी। बाद में पति के दबाव में मां भी साजिश में शामिल हो गई। दोनों ने मिलकर प्राची को कुएं में फेंक दिया। इसके बाद हादसे की कहानी गढ़कर रात में शव को यमुना में प्रवाहित कर दिया।

पुलिस को प्राची का मोबाइल मिला, जिसमें मौजूद रिकॉर्डिंग से हत्या की गुत्थी सुलझाने में मदद मिली। सीओ अवनीश कुमार ने बताया कि मां-पिता के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने की प्राथमिकी दर्ज की गई है।

कई दिन पहले की थी खुदकुशी की कोशिश

चर्चा है कि प्राची किसी से बातचीत करती थी। इस बात को लेकर घर में कहासुनी होती थी। विवाद के दौरान प्राची पिता की अभद्र गाली-गलौज मोबाइल में रिकॉर्ड कर रही थी। मोबाइल में मिली रिकॉर्डिंग के आधार पर पुलिस को मामले का खुलासा करने में मदद मिली। ग्रामीणों ने बताया कि प्राची पढ़ाई में काफी होनहार थी। वह पढ़ाई के साथ गांव के छोटे बच्चों को कोचिंग भी पढ़ाती थी। घटना से कुछ दिन पहले उसने आत्महत्या की कोशिश भी की थी। बचपन में उसने ननिहाल में रहकर पढ़ाई की थी।



Source link

अभी अभी की खबरें