बहुआ। यमुना नदी में बृहस्पतिवार को एक महिला का शव उतराता मिला। शव की हालत देखकर ग्रामीणों ने महिला की हत्या कर शव नदी में फेंके जाने की आशंका जताई है। पुलिस के मुताबिक शव करीब छह से सात दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने महिला की शिनाख्त के लिए पड़ोसी जिलों में फोटो भेजी हैं।
ललौली थाना क्षेत्र के दरियाबाद गांव के किनारे यमुना नदी में बृहस्पतिवार दोपहर करीब एक बजे श्मशान घाट के पास महिला का शव उतराता दिखाई दिया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। महिला की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष आंकी गई है।
उसने हल्के लाल रंग की साड़ी और हल्के पीले रंग का ब्लाउज पहन रखा था। उसकी नाक में सोने की नथ भी थी। पुलिस शव करीब छह से सात दिन पुराना मान रही है। महिला के गले और शरीर पर काले निशान मिले हैं, जो शरीर पर चोट के निशान होने की आशंका पैदा कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने महिला के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताई है। उनका कहना है कि यदि महिला नदी में डूबी होती तो कई दिन बीतने के बाद भी उसकी तलाश में परिजन नदी किनारे जरूर पहुंचते। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि किसी ने महिला को बहलाकर उसका अपहरण किया होगा।
इसके बाद दुष्कर्म कर हत्या की गई और पहचान छिपाने के लिए शव नदी में फेंक दिया गया। हालांकि इन आशंकाओं की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने ग्रामीणों को बुलाकर महिला की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश प्रसाद गुप्ता ने बताया कि शव कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। शिनाख्त के लिए महिला की फोटो जिले के साथ ही पड़ोसी जिलों के थानों में भेजी गई है। पड़ोसी जिलों में महिलाओं की गुमशुदगी से संबंधित दर्ज मामलों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पहले भी थाना क्षेत्र में मिले शवों की नहीं हो सकी पहचान
– 09 सितंबर 2026 को गाजीपुर रजबहा की नहर में बरौहां गांव के पास 45 वर्षीय युवक का शव मिला था। उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।
– 14 सितंबर 2025 को ललौली थाना क्षेत्र के सिधांव नहर कोठी के पास बड़ी नहर में 35 वर्षीय युवक का शव मिला था। उसके बाएं हाथ पर अंग्रेजी अक्षरों में नीरज गुदा हुआ था, लेकिन पुलिस पहचान नहीं कर सकी।
– 10 फरवरी 2025 को सिधांव नहर कोठी के पास बड़ी नहर में महिला का शव उतराता मिला था। उसकी भी शिनाख्त नहीं हो सकी।
– 19 सितंबर 2024 को सिधांव नहर कोठी के पास बड़ी नहर से 35 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ था। उसकी पहचान नहीं हो सकी।
– 14 अगस्त 2024 को बड़ी नहर में 30 वर्षीय महिला का शव मिला था। उसके दाएं हाथ पर अंग्रेजी में छोटेलाल छोटकी गुदा हुआ था, लेकिन उसकी शिनाख्त भी नहीं हो सकी।
खेत पर मिला किसान का शव
फतेहपुर। गाजीपुर थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव निवासी अमर सिंह यादव (45) का बृहस्पतिवार शाम खेत पर शव मिला। छोटे भाई श्याम सिंह ने बताया कि बड़े भाई ट्रैक्टर लेकर खेत की जोताई करने गए थे। शाम करीब छह बजे तक घर नहीं लौटे। फोन भी नहीं उठने पर तलाश को खेत पहुंचे। जहां भाई अमर सिंह को ट्रैक्टर के पास अचेत पाया। सीएचसी में डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित किया। थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।

फोटो-17-फतेहपुर: नदी किनारे शव देखने पहुंचे ग्रामीण। संवाद

