बहुआ। ललौली थाना क्षेत्र के महना गांव में रुपये के लेनदेन और खेत के रास्ते से निकलने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को दोनों पक्षों के पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
ललौली थाने के दरोगा अश्वनी कुमार सिंह ने बताया कि 18 नवंबर की शाम करीब 7:45 बजे महना गांव में मारपीट की सूचना मिली थी। पुलिस पहुंची तो एक पक्ष के मुन्नू सिंह और उसके भाई कुंवरपाल सिंह तथा दूसरे पक्ष के जयराम निषाद, उसके पुत्र रोहित और मोहित निषाद आपस में भिड़े मिले।
आरोप है कि दोनों पक्षों के लोग शराब के नशे में रुपये के लेनदेन और खेत के रास्ते को लेकर गालीगलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट कर रहे थे। पुलिस ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग कराया और घायलों को उपचार के लिए भेजा। प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश प्रसाद गुप्ता ने बताया कि विवेचना के बाद कार्रवाई की जाएगी।
