लखनऊ। गोमती तट पर सजी सांस्कृतिक शाम में उत्तराखंड की लोक संस्कृति के विविध रंग देखने को मिले। बीरबल साहनी मार्ग स्थित पं. गोविंद बल्लभ पंत सांस्कृतिक उपवन में चल रहे उत्तराखंड महोत्सव की समापन पूर्व संध्या पर लोकगीतों और पारंपरिक नृत्यों ने दर्शकों का मन मोह लिया। उत्तराखंड की लोकगायिका दीपा नगरकोटी ने मधुर आवाज और प्रस्तुति से समां बांध दिया।
शनिवार को कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ आईएएस डॉ. बलकार सिंह ने महापरिषद के मुख्य संयोजक भवान सिंह गर्बियाल, संयोजक दीवान सिंह अधिकारी, अध्यक्ष हरिश्चंद्र पंत, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मंगल सिंह रावत, महासचिव भरत सिंह बिष्ट व राजेश बिष्ट के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि ने कहा कि ऐसे आयोजन लोक संस्कृति के प्रचार-प्रसार के साथ कलाकारों को मंच देते हैं। साथ ही नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और संस्कृति से रूबरू कराते हैं। महोत्सव में झोड़ा प्रतियोगिता, छोलिया नृत्य और छपेली नृत्य की प्रस्तुतियों ने पहाड़ी लोक परंपराओं की छटा बिखेरी। वहीं, डांस उत्तराखंड डांस सीजन-5 और नाचेगा भारती सीजन-3 में कलाकारों ने अपनी प्रतिभा दिखाई।
इस अवसर पर महापरिषद की ओर से सात विभूतियों को स्मृति सम्मान से नवाजा गया। महेश चंद्र सकलानी को गुमानी पंत स्मृति साहित्य सम्मान, भवान सिंह रावत को वीर चंद्र सिंह गढ़वाली स्मृति समाज सेवा सम्मान, गणेश चंद्र जोशी को बद्री दत्त पांडेय स्मृति समाज सेवा सम्मान, कमल जोशी को पूरन चंद्र पांडेय स्मृति समाज सेवा सम्मान, प्रेमा पांडेय को उर्मिल कुमार थपलियाल स्मृति लोक कला ऐपण सम्मान, हरीतिमा पंत को कबूतरी देवी स्मृति लोक गायन सम्मान और लक्ष्मण सिंह मर्तोलिया को प्रहलाद मेहरा स्मृति लोक गायन सम्मान प्रदान किया गया।

गोमती तट पर उतरी पहाड़ी संस्कृति
