संवाद सूत्र, औरैया। अछल्दा थाना क्षेत्र के बेसोली गांव में शनिवार को एक हादसे में 40 वर्षीय महिला की जान चली गई। मालगाड़ी से टूटकर निकला लोहे का सरिया महिला के सिर में जा लगा। गंभीर रूप से घायल महिला ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। घटना से परिवार में मातम छा गया।

बेसोली गांव निवासी गीता देवी शनिवार को अपने छोटे बेटे योगेंद्र को देखने के लिए घर के पास से निकली डीएफसी रेलवे लाइन पर पहुंची थीं। बताया गया कि वह रेलवे ट्रैक के पास खड़ी थीं। इसी दौरान वहां से मालगाड़ी गुजरी। टूटा हुआ लोहे का सरिया उनके सिर में आकर लगा।

सरिया लगते ही गीता देवी जमीन पर गिर पड़ीं। मां को लहूलुहान हालत में पड़ा देखकर बेटे योगेंद्र ने चीख-पुकार मचाई। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की मदद से परिजन उन्हें तत्काल सीएचसी अछल्दा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

महिला की मौत की खबर मिलते ही स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। स्वजन शव को लेकर घर पहुंचे और शनिवार शाम को अंतिम संस्कार कर दिया। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल जनसंपर्क अधिकारी अमित सिंह ने बताया मामला डीएफसी से संबंधित है।



Source link