फतेहपुर। पुलिस की कार्यप्रणाली में लापरवाही और लगातार मिल रही शिकायतों के मामले में एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने शुक्रवार को चार पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की है। हथगाम थाने के प्रभारी निरीक्षक अरुण चतुर्वेदी और दरोगा अखिलेश कुमार को निलंबित कर दिया गया है।
वहीं स्पेशल टीम में तैनात हेड कांस्टेबल अनिल सिंह को लाइन हाजिर किया गया है। पुलिस लाइन में तैनात इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार सिंह को हथगाम थाने का नया प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है।
हथगाम थाना क्षेत्र में एक महिला के घर में घुसकर तोड़फोड़ करने और सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर उठाकर ले जाने का आरोप पुलिसकर्मियों पर लगा था। इसी जांच एसपी ने एएसपी ज्ञान प्रकाश राय को सौंपी थी। जांच में प्रभारी निरीक्षक अरुण चतुर्वेदी और दरोगा अखिलेश कुमार की भूमिका दोषपूर्ण पाई गई।
एएसपी की जांच रिपोर्ट के आधार पर एसपी ने पूरे प्रकरण की रिपोर्ट आईजी प्रयागराज को भेजी थी। आईजी के निर्देश पर दोनों पुलिसकर्मियों को पहले लाइन हाजिर किया गया और बाद में निलंबित कर दिया गया।
उधर लंबे समय से एसओजी में तैनात हेड कांस्टेबल अनिल सिंह के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों के आधार पर एसपी ने उन्हें भी लाइन हाजिर कर दिया। वहीं एसपी के पीआरओ प्रमोद मौर्य को अयोध्या में ड्यूटी के लिए रवाना किया गया है।
एसपी को फिर मिला पुलिसकर्मियों के निलंबन का अधिकार
पुलिसकर्मियों के निलंबन की संस्तुति के लिए पहले एसपी को संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट आईजी प्रयागराज को भेजनी पड़ती थी। आईजी के स्तर से निर्देश मिलने के बाद ही निलंबन की कार्रवाई होती थी। इस बीच एसपी से यह अधिकार वापस ले लिया गया था। अब एसपी अभिमन्यु मांगलिक को दोबारा पुलिसकर्मियों को निलंबित करने का अधिकार मिल गया है।

