– हमलावर बोले-बहुत चेकिंग करता है…गलती पूछने पर गिराकर पीटा
– बाइक सवार आठ हमलावरों पर सरकारी कार्य में बाधा, हमले का मुकदमा
संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर। विद्युत उपकेंद्र के जेई को चेकिंग अभियान में बिजली चोरों की धर-पकड़ भारी पड़ गई। खुन्नस के चलते बाइक सवारों ने जेई पर घात लगाकर लाठी-डंडे से जानलेवा हमला किया। घायल जेई को लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ सरकारी कर्मचारी से मारपीट, बलवा समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू की है। जेई हमले के बाद दहशत में हैं।
लखनऊ इंदिरानगर निवासी शिवकुमार यादव की तीन माह पूर्व महिचा मंदिर विद्युत वितरण खंड तृतीय खागा में अवर अभियंता के पद पर तैनाती हुई। उन्होंने बताया कि शनिवार की रात वह विभागीय काम से उपकेंद्र से स्कूटी से जा रहे थे। संवत और पलवा के बीच तीन बाइकों पर सवार आठ लोगों ने ओवरटेक कर उनकी स्कूटी रोकवाई।
हमलावर बोले-बहुत चेकिंग करते हो…और स्कूटी से खींचकर लात-घूंसों और डंडे से पीटने लगे। गलती पूछने पर गाली-गलौज की और जमीन पर गिरा दिया। सिर में चोट लगने से वह लहूलुहान हो गए। पुलिस से शिकायत करने की बात कहने पर हमलावरों ने जान से मारने की धमकी दी। हमलावरों के जाने के बाद उन्होंने मोबाइल से सहकर्मियों को बुुलाया। ग्रामीणों की मदद से घायल को अस्पताल ले गए। कोतवाल तेज बहादुर सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
जेई ने बताया कि वह विभागीय लोगों के अलावा किसी से ठीक से परिचित भी नहीं है। दहशत के कारण वह बाइकों के नंबर भी नहीं देख सके। बताया कि काम के समय अक्सर लोगों से झड़प होती है।
