फिरोजाबाद। शिकोहाबाद-मैनपुरी मार्ग स्थित एक निजी प्रतिष्ठान के उद्घाटन में शुक्रवार को प्रसिद्ध कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर पहुंचे। यहां उन्होंने धार्मिक कथाओं, राजनीतिक नेताओं के अयोध्या दौरे और संतों के बयानों को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को अयोध्या जाकर भगवान श्रीराम के दर्शन करने की बात कही।
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा प्रतापगढ़ के कुंडा में दिए रामकथा वाले बयान पर कहा कि उत्तर प्रदेश भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की भूमि है। प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश और विदेश में भी श्रीमद्भागवत कथा और रामकथा कहते रहे हैं। आज तक उन्हें किसी ने कथा करने से नहीं रोका और वे आशा करते हैं कि भविष्य में भी कभी ऐसा समय नहीं आएगा जब किसी को कथा करने से रोका जाए। उन्होंने योग गुरु बाबा रामदेव द्वारा धीरेंद्र शास्त्री की कथा पर की गई टिप्पणी के सवाल पर उन्होंने कहा कि स्वामी जी सभी के सम्मानीय और बड़े हैं, उन्होंने कोई बात क्यों कही, इसका उत्तर वे स्वयं ही दे सकते हैं। किसी भी सनातनी को दूसरे सनातनी से विवाद नहीं करना चाहिए। सभी को मिल-जुलकर और एकजुट होकर सनातन धर्म को आगे बढ़ाना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान देवकीनंदन ठाकुर के दर्शन को लोगों की भीड़ जुटी रही। संवाद
