– आगरा में चल रहा है उपचार, थाना दक्षिण में पिता ने कपड़े धोने वाले के खिलाफ दी तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। बोतल बंद तेजाब को शीतलपेय (कोल्ड ड्रिंक) समझकर पीने से झुलसी बच्ची की हालत गंभीर है। उसे आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पिता ने थाना दक्षिण में कपड़े धोने वाले के खिलाफ तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
थाना दक्षिण क्षेत्र के कन्हैया नगर निवासी योगेश राठौर ने आरोप लगाया है कि उनकी आठ वर्षीय बेटी सोना 22 नवंबर को घर के पास खाली पड़े प्लॉट में भरे पानी के पास खेल रही थी। वहां अस्पताल व टेंट के कपड़े धोने पहुंचे व्यक्ति ने कपड़ों की धुलाई के बाद तेजाब की बोतल वहीं छोड़ दी। बच्ची अन्य छोटे बच्चों के साथ खेल रही थी। उसने बोतल बंद तेजाब को कोल्डड्रिंक समझकर पी लिया, जिससे उसका मुंह जल गया और उसके जीवन पर संकट पैदा हो गया। फिलहाल बच्ची का उपचार एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा में चल रहा है। सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।
