गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) के कक्षा नौ और 11 के विद्यार्थियों के लिए शैक्षिक विवरण में गलतियां सुधारने का सोमवार को (आज) अंतिम मौका है। शैक्षिक सत्र 2026-27 के अग्रिम पंजीकरण में अपलोड किए गए विद्यार्थियों के डाटा में संशोधन के लिए बोर्ड ने 20 से 30 नवंबर तक पोर्टल खोला है। सोमवार रात 12 बजे के बाद संशोधन की सुविधा बंद हो जाएगी। ऐसे में जिले के सभी यूपी बोर्ड विद्यालयों को विद्यार्थियों के विवरण की जांच कर निर्धारित समय में गलतियां सुधारने के निर्देश दिए गए हैं। जिले में यूपी बोर्ड के कुल 238 विद्यालय हैं। इनमें 13 राजकीय, 50 सहायता प्राप्त और 175 वित्तविहीन विद्यालय शामिल हैं। इन सभी विद्यालयों में कक्षा नौ और 11 में पंजीकृत विद्यार्थियों के शैक्षिक विवरण की जांच कराई जानी है। संशोधन के दौरान विद्यार्थियों के नाम, माता-पिता के नाम, जन्मतिथि, लिंग, जाति, विषय, वर्ग, हिंदी-अंग्रेजी माध्यम और फोटो में हुई गलतियों को ठीक किया जा सकता है। कक्षा 11 के पंजीकरण में हाईस्कूल का अनुक्रमांक गलत दर्ज होने पर उसमें भी सुधार किया जा सकेगा। नियमानुसार विद्यार्थियों के विवरण को डिलीट और रिस्टोर करने की सुविधा भी दी गई है।
जिला विद्यालय निरीक्षक बुद्धप्रिय सिंह ने बताया कि सभी विद्यालयों को विद्यार्थियों के शैक्षिक विवरणों की जांच कर त्रुटियों को निर्धारित समय में दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रधानाचार्य बोर्ड की वेबसाइट पर अपने लॉगिन से संशोधन कर सकते हैं। अंतिम तिथि के बाद पोर्टल बंद हो जाएगा, इसलिए विद्यालयों को समय रहते प्रक्रिया पूरी करने के लिए कहा गया है।
