शहर के चर्चित बिंदु होटल में तोड़फोड़, लूटपाट और फायरिंग के मामले में कटरा गैंग के पांच आरोपियों को अदालत से राहत नहीं मिली। अपर जिला जज एवं सत्र न्यायाधीश न्यायालय संख्या-एक शक्ति सिंह की अदालत ने बुधवार को शिवम दुबे, सत्यप्रकाश, अरविंद, सुमित और रहमान की जमानत याचिकाएं सुनवाई के बाद खारिज कर दीं।
अभियोजन के अनुसार, होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं बिंदु होटल के मालिक आलोक राय ने अगस्त माह में शहर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि 14 दिसंबर 2023 की रात कटरा गैंग के सरगना शंकर पांडेय और उसके साथियों ने होटल का मुख्य गेट तोड़कर परिसर में प्रवेश किया। इसके बाद ईंट-पत्थर और लोहे की रॉड से होटल में ठहरे यात्रियों के वाहनों, डब्ल्यूएचओ के वाहन और बाइक में तोड़फोड़ की। होटल के स्वागत कक्ष के शीशे, गमले और खिड़कियां भी क्षतिग्रस्त कर दीं। आरोपियों ने कैश काउंटर से एक लाख रुपये लूट लिए और करीब 4.5 लाख रुपये की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। होटल के अंदर असलहों से कई बार फायरिंग कर जानलेवा हमला करने का भी आरोप लगाया गया था।
प्राथमिकी में कटरा गैंग के सरगना शंकर पांडेय के अलावा आलोक दुबे, सुमित पांडेय, सत्यप्रकाश उर्फ मुन्नी पांडेय, दिव्यांशु यादव उर्फ करिया, सोनू यादव, रहमान उर्फ गोल्डेन, शिवम दुबे, सौरभ तिवारी, विवेक राय, अरविंद सहित अन्य को नामजद किया गया था। शिकायत में रामनरेश राय, रवि राय और संजय बिंद पर कथित तौर पर सुनियोजित तरीके से घटना कराने का आरोप भी लगाया गया था।
इस मामले में आरोपी शिवम दुबे, सत्यप्रकाश, अरविंद, सुमित और रहमान की ओर से अदालत में जमानत प्रार्थना पत्र दाखिल किए गए थे। सुनवाई के बाद अदालत ने सभी पांचों की जमानत अर्जियां निरस्त कर दीं।
