Leopards reach the vicinity of homes

भरतपुर गांव में दिखा तेंदुआ। स्रोत- ग्रामीण

बहरियाबाद। क्षेत्र के भरतपुर गांव में घरों के पास तेंदुए दिखाई देने और खेतों में पगचिह्न मिलने से लोग सहमे हैं। एक किशोर ने शुक्रवार शाम 5:36 बजे तेंदुए की तस्वीर मोबाइल में कैद करने का दावा किया है। वहीं, संभावित पगचिह्नों को सुरक्षित रखने के लिए ग्रामीणों ने उन पर टोकरियां रख दी हैं। वन विभाग ने पूरे स्टाफ को मौके पर तैनात करने के साथ एहतियातन पिंजरा भी मंगाया है।


गांव के देवांश सिंह के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 5:36 बजे उन्होंने तेंदुए की तस्वीर खींची और घर पहुंचकर परिवार के लोगों को इसकी जानकारी दी। जब तक परिजन मौके पर पहुंचे, तेंदुआ वहां से जा चुका था। कोटेदार खूबे लाल सिंह और अवध राज सिंह के घर के पास भी तेंदुए दिखाई देने की बात सामने आई है। ग्रामीण मुस्कान सिंह ने भी तेंदुआ देखने की बात कही है। ग्रामीण अवध राज सिंह के मुताबिक, दो दिन पहले दरोगा सिंह और शैलेश सिंह के खेत में धान की कटाई के दौरान हार्वेस्टर चालक ने एक साथ तीन तेंदुए देखे थे। अवध राज सिंह ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब सात बजे तेंदुआ खेतों की ओर गया और रात करीब 12 से एक बजे के बीच उनके घर के दरवाजे के पास से गुजरा। लगातार आवाजाही की चर्चाओं से ग्रामीणों में भय है।

सूचना पर शुक्रवार देर रात आजमगढ़ और सैदपुर से वन विभाग के अधिकारी टीम के साथ गांव पहुंचे। टॉर्च और अन्य उपकरणों की मदद से खेतों और झाड़ियों में रातभर तलाश की गई। शनिवार सुबह भी अभियान जारी रहा। इस दौरान खेतों की गीली मिट्टी में संभावित पगचिह्न मिले। क्षेत्रीय वन अधिकारी सैदपुर रमेश कुमार मौर्या ने बताया कि ग्रामीणों की ओर से भेजी गई तस्वीरों से क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी प्रतीत हो रही है। तस्वीरों और पगचिह्नों के आधार पर क्षेत्र में नर और मादा तेंदुए की मौजूदगी की बात सामने आई है। टीम रातभर मौके पर रही और शनिवार सुबह से भी तलाश कर रही है, हालांकि तेंदुए प्रत्यक्ष रूप से दिखाई नहीं दिए।

उन्होंने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर पूरा स्टाफ तैनात किया गया है। अतिरिक्त कर्मचारी भी पहुंच रहे हैं और पिंजरा मंगाया गया है। वन विभाग ने ग्रामीणों से रात में अकेले बाहर नहीं निकलने और खेतों की ओर जाते समय सतर्कता बरतने की अपील की है।



Source link

अभी अभी की खबरें