Overloaded vehicles traveling on a restricted route leave commuters stuck in a four-hour traffic jam

बड़ेसर नहर पुलिया से सिंचाई विभाग कॉलोनी को जाने वाली सड़क से निकलता भारी वाहन व लगा जाम। संवाद

जमानियां। प्रतिबंध के बावजूद कोतवाली क्षेत्र की स्टेशन चौकी अंतर्गत बड़ेसर नहर पुलिया से सिंचाई विभाग कॉलोनी जाने वाले प्रतिबंधित मुख्य मार्ग पर भारी और ओवरलोड वाहनों का आवागमन थम नहीं रहा है। नतीजा यह है कि बड़ेसर नहर पुलिया से सिंचाई विभाग कॉलोनी जाने वाला संकरा मार्ग राहगीरों के लिए मुसीबत बन गया है। एक लेन की सड़क और पुलिया से भारी वाहनों के लगातार गुजरने से यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। बीते शुक्रवार की शाम सात बजे से रात 11 बजे तक यानी करीब चार घंटे तक ओवरलोड वाहनों के कारण मार्ग पर जाम लगा रहा। इस दौरान सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को करीब चार घंटे तक जाम में फंसे रहना पड़ा।


ग्रामीण उदित नारायण, अशोक, सुमित, दीनबंधु, राजेश, अजय और मुन्ना आदि का आरोप है कि पुलिस की उदासीनता के चलते भारी वाहन बिना रोकटोक चंदौली और वाराणसी की ओर गुजर रहे हैं। लोगों ने आशंका जताई कि लगातार ओवरलोड वाहनों के दबाव से सिंचाई विभाग की सड़क और पुलिया क्षतिग्रस्त हो सकती है।

सिंचाई विभाग के एसडीओ सुबोध कुमार ने बताया कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। ऐसा हो रहा है तो जल्द हाइट गेज बैरियर लगवाकर भारी वाहनों का प्रवेश रोका जाएगा। वहीं, प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने कहा कि प्रतिबंधित मार्ग पर किसी भी दशा में भारी और ओवरलोड वाहनों का संचालन नहीं होने दिया जाएगा।



Source link