गाजीपुर। सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 159 वाहन चालकों का चालान किया गया।

सबसे अधिक 114 चालान बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के किए गए। वहीं, सीट बेल्ट नहीं लगाने पर 23 और ध्वनि प्रदूषण फैलाने पर 17 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई हुई। परिवहन विभाग के आरआई राजभूषण चौधरी ने बताया कि अभियान के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर के इस्तेमाल पर दो, ब्लैक फिल्म लगाने पर दो और शराब पीकर वाहन चलाने के मामले में एक चालान किया गया।

उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस के समन्वय से ऐसे संयुक्त चेकिंग और जनजागरूकता अभियान लगातार चलाए जाएंगे।



Source link