ललितपुर। जनपद की पांच तहसीलों में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पर 178 फरियादियों ने शिकायतें दर्ज कराई। इनमें से 19 शिकायतों का मौके पर अधिकारियों ने निस्तारण कराया। सदर तहसील में जिलाधिकारी सत्यप्रकाश ने लोगों की समस्याएं सुनीं। इसमें राजस्व और जमीन कब्जा से संबंधित मामले अधिक रहे। बिजली, सिंचाई और आपराधिक शिकायतें भी प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इनके निस्तारण के निर्देश दिए।
सदर तहसील में जिलाधिकारी के पहुंचने पर सभागार में फरियादियों की लंबी कतार लग गई। उन्होंने बारी-बारी से सभी की शिकायतें सुनीं। संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए गए। इस दौरान कुछ अधिकारी बातों में व्यस्त रहे और बुलाने पर देर से पहुंचे। सिंचाई विभाग के एक अधिशासी अभियंता संपूर्ण समाधान दिवस में अनुपस्थित रहे। उन्होंने अपने स्थान पर प्रतिनिधि को भेज दिया था। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अनुपस्थित अधिकारियों के वेतन काटने के निर्देश जारी किए।
0000000
फोटो-22
जमीन पर दबंगों का कब्जा
मोहल्ला तालाबपुरा, हाल पनारी निवासी सीताराम ने जिलाधिकारी के समक्ष रोते हुए शिकायत की। उन्होंने बताया कि पनारी में स्थित उनकी जमीन की पैमाइश 22 अक्तूबर 2006 और 6 दिसंबर 2006 को हुई थी। नियमानुसार हदबंदी कर स्थायी मुंडी स्थापित की गई थी। सीताराम ने आरोप लगाया कि 16 नवंबर को करीब साढ़े दस बजे एक महाविद्यालय के पदाधिकारी और चार नामजद समेत 10-12 अज्ञात व्यक्तियों ने तारबाड़ी तोड़ दी। रोकने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित ने अपनी जमीन और जान को खतरा बताते हुए कार्रवाई की मांग की।
0000000000000
सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट से प्रदूषण
ग्राम दैलवारा के ग्रामीणों ने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट से जुड़ी शिकायत की। उन्होंने बताया कि प्लांट में मृत पशुओं और कूड़ा-कचरा का अनुचित निस्तारण हो रहा है। इससे अत्यधिक दुर्गंध, मक्खियां और जनस्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। प्लांट से करीब 300 मीटर पर मंदिर व प्राथमिक विद्यालय तथा 200 मीटर पर केंद्रीय विद्यालय स्थित है। ग्रामीणों ने जनहित व पर्यावरण की दृष्टि से प्लांट को हटाने की मांग की। ज्ञापन पर चंद्रप्रताप सिंह और जितेंद्र कुमार आदि के हस्ताक्षर हैं।
000000000000
दैलवारा के मोहल्ला स्टेशन में बिजली का अभाव
ग्राम दैलवारा के ग्रामीणों ने मोहल्ला स्टेशन में बिजली न होने की समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि आजादी के बाद से अब तक वहां बिजली व्यवस्था नहीं हो सकी है। ग्रामीण वर्ष 2015 से लगातार प्रार्थना पत्र दे रहे हैं, जिसमें संपूर्ण समाधान दिवस और उत्तर प्रदेश पोर्टल शामिल हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में उन्होंने चुनाव बहिष्कार भी किया था। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि बिजली नहीं मिली तो वे इस बार विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे। ज्ञापन पर आशाराम, कामता, ग्यासी, हरकिशन, बृजभान, रामकिशन, राजेंद्र कुमार, अशोक कुमार, शिवप्रसाद और राजू आदि के हस्ताक्षर हैं।
000000000000000
तहसील -शिकायतें- निस्तारण
सदर 28-6
तालबेहट-85-5
महरौनी-26-2
मड़ावरा-29-4
पाली-10-2
00000000000000
कुल-178-19
000000000000
